प्रयोग के तौर पर प्रमुख मार्गों पर शुरु होगा संचालन
महिला सुरक्षा के लिहाज से उठाया गया कदम
लखनऊ। राजधानी की सड़कों पर अब महिलाओं के सुविधाजनक व सुरक्षित आवागमन के लिए जल्द ही महिला स्पेशल पिंक ऑटो रिक्शा फर्राटा भरते दिखाई देंगे। पहले चरण में ट्रॉयल के तौर पर १५ पिंक ऑटो का संचालन राजधानी के प्रमुख रूटों पर शुरू किया जाएगा, इसके बाद सफल परीक्षण होने पर आगे २०० और पिंक ऑटो का संचालन बढ़ाया जाएगा। १५ पिकं ऑटो के लिए अभी अलग से परमिट जारी नहीं किए जाएंगे, वर्तमान में संचालित आटो को ही पिंक कर संचालित किया जाएगा। साधारण सीएनजी ऑटो को पिंक कलर से रंग-रोगन कर सड़क पर दौड़ाया जाएगा। सुरक्षा के लिहाज से इन आटो को जीपीएस सिस्टम से भी लैस किया जाएगा, जिससे रूट पर हर समय आटो की लोकेशन मिलती रहे। इन पिंक ऑटो की खासियत यह होगी कि इसमें ड्राईवर व यात्री दोनों महिलाएं ही होंगी। आरटीओ प्रवर्तन विदिशा सिंह ने बताया कि प्रथम चरण के लिए लॉट्र्स (लखनऊ ऑटो रिक्शा थ्री व्हीलर्स संघ ) के तहत १५ पिंक ऑटो का संचालन शुरू किया जाएगा। महिला यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर शुरू किए जाने वाले पिंक ऑटो का संचालन एक निश्चित रूट पर व निर्धारित समय सारिणी के तहत होगा, जिससे महिला यात्रियों के साथ-साथ महिला चालकों को भी कोई दिक्कत न हो। बताते चलें कि इससे पूर्व भी महिला यात्रियों के लिए पिंक ऑटो सेवा की शुरूआत की गई थी, लेकिन कुछ तात्कालिक कारणों के चलते यह सेवा ज्यादा दिनों तक व्यवहारिक रूप से संचालित नहीं हो सकी। अब एक बार फिर शहर में इस सेवा की शुरुआत हो रही है। लाट्र्स की तरफ से परिवहन विभाग से २०० पिंक आटो के परमिट मांगे गए हैं। हालांकि इस पर पहले मुहर न लगाकर आरटीओ ने प्रायोगिक तौर पर पहले शहर में १५ ऑटो रिक्शा को एक महीने संचालित करने की बात लाट्र्स अध्यक्ष पंकज दीक्षित से कही है। आरटीओ विदिशा सिंह ने बताया कि करीब एक महीने तक आटो का संचालन कराया जाएगा। इसके बाद फीडबैक लेने के बाद ही आगे की कार्रवाई पर विचार किया जाएगा।
Business Link Breaking News