कैसरबाग बस स्टेशन पर कियास्क मशीन की जा रही अपडेट
कियास्क के जरिए पूरे प्रदेश की बसों का समय, ठहराव व किराये की मिलेगी जानकारी
लखनऊ। जल्द ही कैसरबाग बस अड्डे पर यात्रियों को बसों, ट्रेनों और फ्लाइट्स के आने-जाने की सटीक जानकारी मिलेगी। कैसरबाग बस अड्डा इस तरह की सुविधा प्रदान करने वाला प्रदेश का पहला बस अड्डा बन जाएगा। रोडवेज के अधिकारियों के अनुसार इसके लिए मशीन को अपडेट करने की जिम्मेदारी एक निजी संस्था को दी गई है। यहां मिले परिणामों के आधार पर इस मशीन (कियास्क) को शहर में कई अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी लगाया जाएगा। यह कियास्क मशीन अभी कैसरबाग बस अड्डे के एसी वेटिंग हॉल में लगी है, जिसे अपडेट करने का काम चल रहा है। अधिकारियों के अनुसार इसमें प्रदेश भर के बसों का ब्यौरा, समय ठहराव और किराया आदि की जानकारी मिलेगी। यात्रियों को स्क्रीन को टच करते ही यह सब जानकारी मिल जाएगी। जानकारी मिलने पर वह आगे की यात्रा की योजना आसानी से बना सकेंगे। कियास्क की खास बात यह है कि इसमें सभी बस अड्डों के पूछताछ के नंबर भी उपलब्ध होंगे। कियास्क मशीन से केवल बसों की ही जानकारी नहीं मिलेगी बल्कि राजधानी से संचालित होने वाली और यहां से आवागमन करने वाली ट्रेनों की भी जानकारी मिलेगी। क्षेत्रीय कार्यालय लखनऊ के अधिकारियों ने बताया कि जिस यात्री को यहां आने के बाद चारबाग रेलवे स्टेशन या फिर लखनऊ जंक्शन स्टेशन से ट्रेन पकड़कर कहीं जाना होगा तो वह अपनी ट्रेन के आने का समय इस कियास्क में देख सकेंगे। कियास्क से ट्रेनों के साथ ही फ्लाइट्स की जानकारी भी लोगों को असानी से मिल जाएगी। चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली फ्लाइट्स किस समय किस शहर के लिए उड़ान भरेगी यह जानकारी भी एक ही टच पर मिलेगी। रोडवेज अधिकारियों ने बताया कि अभी कैसरबाग बस अड्डे के वेटिंग एरिया में ही एक कियास्क लगाया गया है। जल्द ही यहां कई अन्य जगहों पर भी इसे लगाया जाएगा।
वेटिंग एरिया में लगे कियास्क पर बसों का पूरा ब्यौरा डालने का काम चल रहा है। जल्द ही इसमें ट्रेन और फ्लाइट्स की जानकारी भी डाली जाएगी।
पीके बोस, क्षेत्रीय प्रबंधक, लखनऊ परिक्षेत्र
Business Link Breaking News